बहादुर बेटे से मिलकर भावुक हुए मां-बाप, विंग कमांडर अभिनंदन बोले- मैं ठीक हूं,जल्द ही ड्यूटी पर लौटूंगा
(India) भारतीय वायुसेना(IAF) के विंग कमांडर अभिनंद वर्तमान पाकिस्तान की सरजमीं पर करीब 60 घंटे बिताकर लौट आए हैं। हालांकि उन्हें शुक्रवार को दोपहर तक भारत को सौंपा जाना था लेकिन इसमें सात घंटे की देरी हुई और अभिनंदन को रात 9 बजकर 20 मिनट पर सौंपा गया। आज(2 मार्च) सुबह यह खबर आई है कि उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह अपने माता-पिता से मिले हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक बात भी कही है। जो उनके जज्बे को दिखाता है।
मिग-21 से गिरने और फिर पाकिस्तान में कुछ लोगों द्वारा की गई अभिनंदन की पिटाई के बाद वह चोटिल हैं और इस वजह से उनका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। वतन वापसी के बाद आज उनके माता-पिता उनसे अस्पताल में मिले। विंग कमांडर अभिनंदन का हौसला इस सारे वाकये के बाद भी कितना बुलंद है ये उनका बयान ही साफ करता है जो उन्होंने आज दिया है। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने कहा, 'मैं ठीक हूं और जल्द ही ड्यूटी पर लौटूंगा।'

बात अगर विंग कमांडर के देर में भारत को सौंपे जाने की करें तो इसका जवाब एक वीडियो है। दरअसल पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के दबाव में कागजी कार्रवाई के नाम पर विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की रिहाई रात तक लटकाई गई। पहले कहा गया कि उन्हें अपराह्न चार बजे बजे सौंपा जाएगा। फिर 6:30 बजे का समय दिया गया। आखिरी में पाकिस्तानी रेंजर्स भारतीय उच्चायुक्त में वायु सेना के विशेष अधिकारी ग्रुप कैप्टन जेडी कुरियन के साथ 9:21 बजे उन्हें लेकर चेकपोस्ट पहुंचे। पाकिस्तानी सेना ने खुद को पाक-साफ दिखाने के लिए अभिनंदन का वीडियो बनाया। इसमें वह कह रहे हैं कि पाक सेना ने अच्छा व्यवहार किया। हालांकि, 1 मिनट 24 सेकेंड के वीडियो में दो दर्जन से ज्यादा कट हैं। माना जा रहा है कि यह जबरन बनवाया गया है।

पाकिस्तान सरकार ने स्थानीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे अभिनंदन का वीडियो संदेश स्थानीय मीडिया में जारी किया। इस वीडियो में अभिनंदन बता रहे हैं कि उन्हें किस तरह पकड़ा गया और पाकिस्तानी सेना ने उनके साथ किस तरह व्यवहार किया। वीडियो में अभिनंदन कहते नजर आ रहे हैं कि वह ‘निशाना खोजने के लिए’ पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में घुसे लेकिन उनके विमान को मार गिराया गया।

उन्होंने कहा, ‘जब मैं निशाने की खोज में था तो आपकी (पाकिस्तानी) वायुसेना ने मेरा विमान मार गिराया। मुझे विमान से कूदना पड़ा क्योंकि विमान को बहुत नुकसान हुआ था। जैसे ही मैं बाहर कूदा और जब मेरा पैराशूट खुला, मैं नीचे आकर गिरा, मेरा पास एक पिस्तौल थी।’ अभिनंदन ने कहा, ‘वहां कई लोग थे। मेरे पास बचने का एक ही रास्ता था, मैंने अपनी पिस्तौल नीचे गिराकर भागने का प्रयास किया।’

उन्होंने कहा, ‘लोगों ने मेरा पीछा किया, वे बहुत उत्तेजित थे। तभी वहां, पाकिस्तानी सेना के दो अधिकारी आ गए और मुझे बचा लिया। पाकिस्तानी सेना के कैप्टन ने मुझे लोगों से बचाया और मुझे कोई चोट नहीं आने दी। वे मुझे अपनी यूनिट में ले गए जहां मुझे प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर मुझे आगे की मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया तथा मेरा और उपचार हुआ।

पाकिस्तान ने अभिनंदन को प्रिजनर ऑफ वार यानी ‘युद्धबंदी’ करार दिया है। रिहाई के कुछ मिनट बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने इस बारे में बयान जारी किया।


भारतीय सीमा में बुधवार को घुसे पाकिस्तानी विमानों को खदेड़ते समय अभिनंदन का मिग-21 क्रैश हो गया था। पैराशूट से पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में उतरने पर वहां की सेना ने उनको गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, जिनेवा संधि की बाध्यता और भारत की कूटनीतिक सफलता के चलते पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने अमन की बात करते हुए बृहस्पतिवार को ही अभिनंदन को रिहा करने की घोषणा कर दी थी।


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।