गुजरात के मोरबी में बड़ा हादसा, केबल पुल टूटने से कई लोग नदी में गिरे, अब तक 60 लोगों की मौत
(India) गुजरात के मोरबी में रविवार शाम को मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूटने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस घटना के दौरान पुल के ऊपर खड़े कई लोग नदी में गिर गए। घटना में अब तक 60 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है। सरकार ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, लेकिन अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस और प्रशासन की मदद के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी जल्द मौके पर पहुंच रही हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त सैकड़ों की तादाद में लोग पुल पर मौजूद थे।

मोरबी केबल पुल गिरने के घटनास्थल पर मौजूद गुजरात के पंचायत मंत्री बृजेश मेरजा ने बताया कि 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और यह संख्या और अधिक हो सकती है। वर्तमान में बचाव अभियान जारी है और कई लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार के लिए 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। सीएम ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और मोरबी के लिए रवाना हो गए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।