राज.सरकार 2030 तक राज्य को 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध : दीया कुमारी
(RAJASTHAN, RAJASTHAN) राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को रोजगार एवं जलापूर्ति परियोजनाओं पर फोकस करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया तथा नौ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण सहित प्रमुख पहलों की घोषणा की। बुधवार को सदन में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करते हुए वित्त विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहीं कुमारी ने आगामी वर्ष में सरकारी विभागों एवं राजकीय उपक्रमों में 1.25 लाख पदों पर भर्ती की घोषणा की। उन्होंने अपने बजट भाषण में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले वर्ष में ही प्रदेश में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर जनता द्वारा व्यक्त किए गए विश्वास को सही साबित किया है।" उन्होंने आगे कहा कि "मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य के विकास को दर्शाने वाली जीडीपी वर्ष 2025-26 में बढ़कर 19,89,000 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।" वित्त मंत्री ने कहा, "हम वर्ष 2030 तक 350 बिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं... हमने कम समय में पूंजीगत व्यय में 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की है और 9,600 किलोमीटर से अधिक नई सड़कें बनाई हैं और 13,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का उन्नयन किया है।" उन्होंने घोषणा की कि 2 लाख नए घरों को पेयजल कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे और इस पहल पर 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 60,000 करोड़ रुपये की लागत से नौ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव घोषणापत्र में किए गए अपने 58 प्रतिशत वादों को पूरा किया है और पिछले बजट घोषणाओं में से 73 प्रतिशत को पूरा किया है। दीया कुमारी ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्य के आय व्यय अनुमानों को प्रस्तुत करके अपने बजट भाषण की शुरुआत की।
बजट सत्र की शुरुआत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सरकार 20 फरवरी को शून्यकाल के बाद विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जवाब देगी। गौरतलब है कि विपक्षी कांग्रेस कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीना द्वारा लगाए गए फोन टैपिंग के आरोपों पर सरकार से जवाब मांग रही है। राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 31 जनवरी को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।