राजस्थान में दो भीषण सड़क हादसे,7 लोगों की मौत और 10 घायल
(Nagaur, Nagaur) राजस्थान के नागौर जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी-जोधपुर के तीन छात्रों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार सुरपालिया थाना क्षेत्र में लालदासजी महाराज धाम के पास छात्रों को ले जा रही स्लीपर बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। बस में सवार तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद बस पलट गई। जयल के सर्किल ऑफिसर खेमाराम ने बताया कि छात्र पंजाब के पटियाला से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि घायल छात्रों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से चार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कई अन्य छात्रों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी आरुषि गुप्ता, चेन्नई निवासी हर्षित वशिष्ठ और कोलकाता निवासी आरव मिड्ढा के रूप में हुई है। खेमाराम ने बताया कि बस जोधपुर जा रही थी और सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब यह हादसा हुआ, तब उसमें कई छात्र सो रहे थे। एक घायल छात्र ने संवाददाताओं को बताया कि छात्रों का समूह पटियाला में एक खेल कार्यक्रम में भाग लेने गया था। एक अन्य दुर्घटना सदर थाना क्षेत्र के बरानी के पास हुई। पुलिस के अनुसार, एक कार के पलट जाने से चार रिश्तेदारों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सदर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान रेवंतराम, सुशील, महेंद्र और मेहराराम के रूप में हुई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।