छत्तीसगढ़: महादेव ऐप के जरिए IPL मैचों पर सट्टा लगाने के आरोप में 14 लोग गिरफ्तार
(Raipur, Raipur) छत्तीसगढ़ में रायपुर जिला पुलिस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट मैच के लिए महादेव ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के आरोप में दो राज्यों में छापेमारी कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रायपुर जिला पुलिस ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से आठ और असम के गुवाहाटी से छह लोगों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पहले से ही छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप सट्टा घोटाले की जांच कर रही है। रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बताया कि इन 14 लोगों में से छह छत्तीसगढ़, तीन झारखंड, दो मध्य प्रदेश और एक-एक पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार से हैं। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को पुलिस ने रायपुर में सट्टा संचालित करने के आरोप में निखिल वाधवानी को गिरफ्तार किया था। वाधवानी के बयान के आधार पर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 67 मोबाइल फोन, आठ लैपटॉप, चार राउटर, 94 एटीएम कार्ड, 15 सिम कार्ड, 32 बैंक पासबुक, तीन बैंक चेक बुक, एक सुरक्षा कैमरा, सट्टे के लेन-देन के रिकॉर्ड जब्त किए हैं। जब्त सामान की कीमत 30 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने 500 बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन किया है। जल्द ही इन खातों को फ्रीज करने के लिए संबंधित बैंकों से संपर्क किया जाएगा। अमरेश मिश्रा ने बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट मैच-2025 के इस सीजन में अब तक 'एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट' की टीम ने 17 मामलों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों द्वारा सट्टे के पैसे के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 1500 से अधिक बैंक खातों को फ्रीज करने के लिए संबंधित बैंकों से पत्राचार किया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।