ट्रंप के बयान पर इटली भड़का, विदेश मंत्री ने अमेरिका दौरा किया रद्द
(International) इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर दोनों देशों के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। इटली सरकार ने ट्रंप के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हाल ही में हुए G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए "मिन्नतें" की थीं।

ट्रंप के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इटली के विदेश मंत्री एंतोनियो ताजानी ने इसे "गंभीर और अपमानजनक" बताया। उन्होंने विरोध स्वरूप अगले सप्ताह प्रस्तावित अपनी अमेरिका यात्रा भी रद्द कर दी।

प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी वीडियो संदेश जारी कर ट्रंप के दावों को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा, "ट्रंप के दावे पूरी तरह झूठे हैं। इटली और मैं किसी से मिन्नतें नहीं करते।"

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार सुबह ला-7 नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में यूक्रेन से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए दावा किया था कि G7 सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए आग्रह किया था। ट्रंप ने कहा कि ऐसा करना उनकी कोई मजबूरी नहीं थी, लेकिन उन्हें मेलोनी पर तरस आया और उन्होंने फोटो खिंचवा ली।

मेलोनी ने अपने जवाब में कहा कि कुछ बातों पर तुरंत प्रतिक्रिया देना जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि अमेरिका के राष्ट्रपति अपने सहयोगी देशों के नेताओं के बारे में इस तरह के बयान क्यों देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने अपने सहयोगियों को लेकर इस तरह की टिप्पणी की हो।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।