60 सेकेंड में दो बड़े भूकंप से वेनेजुएला दहला, 10 हजार मौतों की आशंका
(International) दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम महज 60 सेकेंड के अंतराल में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। पहले 7.2 और फिर 7.5 तीव्रता के भूकंप से राजधानी कराकस समेत कई शहरों में इमारतें ढह गईं, एयरपोर्ट की छत का हिस्सा गिर गया और व्यापक नुकसान हुआ।

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, इस आपदा में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत होने की 44% आशंका जताई गई है, जबकि 1 लाख तक मौतों की 30% संभावना भी व्यक्त की गई है। फिलहाल 32 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 700 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं।

भूकंप के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। सबसे अधिक प्रभावित तटीय राज्य ला गुएरा को डिजास्टर जोन घोषित किया गया है, जहां कई इमारतें पूरी तरह तबाह हो गई हैं।

राजधानी कराकस में कई इलाकों की बिजली गुल हो गई है, जबकि मेट्रो और ट्रेन सेवाएं एहतियातन बंद कर दी गई हैं। कई जगह पानी की पाइपलाइनें फटने से सड़कें जलमग्न हो गई हैं और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है।

इस बीच ब्राजील, अर्जेंटीना, पेरू, मेक्सिको, कोलंबिया, बोलीविया, कोस्टा रिका और एल सल्वाडोर समेत दक्षिण अमेरिका के 8 देशों ने वेनेजुएला को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। अमेरिका, डोमिनिकन रिपब्लिक और अन्य देशों की रेस्क्यू टीमें भी राहत कार्य के लिए रवाना हो रही हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, वेनेजुएला कैरीबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित है। इन प्लेटों में अचानक हुई तेज हलचल के कारण यह शक्तिशाली भूकंप आया। वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में और तेज आफ्टरशॉक्स की भी आशंका जताई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।