राजस्थान में थमा मानसून, 16 जुलाई से बारिश लौटने के आसार; कई जिलों में अलर्ट
(RAJASTHAN, RAJASTHAN) राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है। सोमवार को प्रदेशभर में बादलों की आवाजाही तो रही, लेकिन कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग ने 16 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, यदि उदयपुर संभाग से मानसून की एंट्री अनुकूल रही तो बारिश का सिलसिला अरावली पार कर पश्चिमी राजस्थान तक पहुंच सकता है। 16 जुलाई को उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा में बारिश होने की संभावना है।

बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश में एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ गई है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 39.4, बीकानेर में 39.2, जैसलमेर में 38.4, चूरू में 38.6, अलवर में 38.1 और पिलानी में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

जयपुर, जोधपुर, कोटा, सीकर, अजमेर और उदयपुर समेत कई शहरों में दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हुई। लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने 16 से 18 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। वहीं कुछ क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के भी आसार हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।