रक्षा मंत्री रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लखनऊ छावनी के लिए करीब 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और उद्योग जगत मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज से 10-12 वर्ष पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज भारत जब बोलता है तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है। विकसित भारत का अर्थ केवल बड़ी परियोजनाएं और आधुनिक इमारतें नहीं हैं। इसका मतलब है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, हर परिवार तक स्वच्छ पानी पहुंचे, युवाओं को खेल और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले और दिव्यांग बच्चों को यह महसूस न हो कि वे समाज से पीछे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा बड़े शहरों से शुरू होकर हर मोहल्ले, बस्ती और परिवार तक पहुंचनी चाहिए।
समय के साथ शहरों और लोगों की जरूरतें बदलती हैं, इसलिए नियमों में भी बदलाव जरूरी है। राजनाथ सिंह ने बताया कि लखनऊ सहित छावनी क्षेत्रों में नई व्यवस्था लागू की गई है। पहले जहां तीन मंजिल तक निर्माण का प्रावधान था, अब पांच मंजिल तक निर्माण की अनुमति दी गई है। लखनऊ छावनी क्षेत्र अपनी विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के साथ तेजी से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि बदलाव केवल इमारतों में नहीं, बल्कि पहचान में भी होना चाहिए। लखनऊ छावनी में ब्रिटिश काल से चले आ रहे कुछ बाजारों के नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा से जुड़े व्यक्तित्वों के नाम पर किए गए हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ छावनी के लिए करीब 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 परियोजनाएं केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि लखनऊ कैंट के भविष्य के प्रति 12 संकल्प हैं। इन परियोजनाओं के जरिए स्वच्छ छावनी, बेहतर जलापूर्ति, बच्चों के बेहतर भविष्य, युवाओं को खेल और प्रतिभा दिखाने के अवसर, सम्मानजनक नागरिक सुविधाएं और आधुनिक तकनीक से लैस छावनी के विकास का लक्ष्य रखा गया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा और केंद्र, राज्य सरकार तथा उद्योग जगत के सहयोग से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।