औसतन 4.5 यूनिट प्रति किलोवाट प्रतिदिन के आधार पर इस सौर क्षमता से प्रतिदिन करीब 1.25 करोड़ यूनिट बिजली बन रही है। ₹6.50 प्रति यूनिट की दर से यह प्रतिदिन लगभग ₹8.10 करोड़ मूल्य की बिजली के बराबर है। इस हिसाब से प्रदेश में सालाना करीब ₹2,956 करोड़ की बचत या आर्थिक लाभ का अनुमान है।
जून 2026 के उपभोक्ता बिल आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 1,25,262 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य या ऋणात्मक रहा। यानी इन परिवारों को उस महीने बिजली के लिए भुगतान नहीं करना पड़ा या उनके खाते में क्रेडिट दर्ज हुआ। ऋणात्मक बिल की स्थिति तब बनती है, जब उपभोक्ता ग्रिड से ली गई बिजली की तुलना में अधिक बिजली ग्रिड को देता है और अतिरिक्त बिजली आगामी बिलों में समायोजित होती है।
योजना के तहत प्रदेश के उपभोक्ताओं को अब तक ₹5,400 करोड़ से अधिक की केंद्रीय वित्तीय सहायता दी जा चुकी है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लाभार्थियों को ₹1,900 करोड़ से अधिक का राज्य अनुदान दिया गया है। इस तरह कुल ₹7,300 करोड़ से अधिक की सहायता से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाना अधिक सुलभ हुआ है।
स्थापित 2,769.59 मेगावाट क्षमता से प्रतिवर्ष करीब 36.6 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम होने का अनुमान है। यह लगभग 16.5 करोड़ परिपक्व पेड़ों द्वारा एक वर्ष में सोखी जाने वाली कार्बन मात्रा के बराबर बताया गया है। वहीं रूफटॉप मॉडल के कारण करीब 10,617 एकड़ भूमि बड़े भू-आधारित सौर संयंत्रों में इस्तेमाल होने से बच रही है।
योजना से प्रदेश में 85,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार का आधार भी तैयार हुआ है। अभियंताओं, तकनीशियनों, विद्युतकर्मियों, सर्वेक्षकों, पर्यवेक्षकों, आपूर्ति एवं परिवहन कर्मियों और अनुरक्षण सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। प्रदेश में 7,750 पंजीकृत सौर विक्रेताओं का नेटवर्क उपभोक्ताओं को सर्वेक्षण, डिजाइन, स्थापना, विद्युत संयोजन, निरीक्षण, संयंत्र चालू करने और अनुरक्षण जैसी सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
योजना के क्रियान्वयन की अवधि 31 मार्च 2027 तक निर्धारित है। आवेदन से लेकर संयंत्र की स्थापना, विद्युत निरीक्षण, नेट मीटरिंग और सब्सिडी भुगतान तक की प्रक्रियाएं इसी अवधि में पूरी की जानी हैं। इच्छुक घरेलू उपभोक्ताओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि केंद्र सरकार की सब्सिडी और राज्य सरकार के अतिरिक्त अनुदान का लाभ लिया जा सके।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।