(Amber, Jaipur)
राज्य सरकार ने 10 मंत्रियों को बंगले आवंटित कर दिए हैं। जनजातीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा और खान मंत्री कैलाश मेघवाल को अभी इंतजार करना होगा। बंगला आवंटन के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में कमेटी गठित की थी। इसकी अनुशंसा पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर बंगले आवंटित किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार गुलाबचंद कटारिया को सिविल लाइंस में बंगला नंबर 383 दिया गया है। पहले ये बंगला पूर्व संसदीय सचिव ब्रह्मदेव कुमावत को आवंटित था। चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ को 48 नंबर बंगला दिया गया। इसमें पूर्व पर्यटन मंत्री बीना काक रहती थीं। शिक्षा मंत्री काली चरण सराफ अस्पताल रोड स्थित बंगला नंबर 4 में रहेंगे। यह शांति धारीवाल को आवंटित था। जबकि पीएचईडी मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट सिविल लाइंस के 11 नंबर बंगले में रहेंगे, जहां पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह रहते रहे हैं। कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी यहां 47 नंबर बंगले में रहेंगे। यहां अब तक पूर्व उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक रह रहे हैं। ऊर्जा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को सिविल लाइंस का ही बंगला नंबर 18 डी दिया गया है। यूनुस खान को बंगला नंबर 382 दिया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री अरुण चतुर्वेदी को सिविल लाइंस का बंगला नंबर 385बी दिया गया है, जिसमें पूर्व शिक्षा मंत्री ब्रजकिशोर शर्मा रहते हैं। सहकारिता राज्य मंत्री अजय सिंह किलक को 50 नंबर बंगला आवंटित किया गया है, जिसमें पूर्व खाद्य मंत्री परसादीलाल मीणा रहते रहे हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री हेमसिंह भडाना को 380 नंबर का बंगला दिया गया है। यह बंगला पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी को आवंटित था। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बंगला नंबर 49 दिया गया है। बंगला नंबर 49 के लिए चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने आवेदन किया था। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 48 नंबर बंगले के बजाय 49 नंबर में रहने की इच्छा जाहिर कर दी थी। जिसके बाद गहलोत को प्राथमिकता देते हुए उन्हें 49 नंबर बंगला आवंटित कर दिया गया। इस बंगले में पूर्व सरकार के मंत्री महिपाल मदेरणा रह रहे थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।