दीपावली पर इस मुहूर्त में कीजिए पूजा
(India) अमावस्या व शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा में समस्त शुभ व मांगलिक कार्य शुभ नहीं कहे गए। वैसे दिवाली का पर्व महालक्ष्मी का पर्व है। अत: सभी शुभापेक्षित कार्य शुभ व सफल सिद्ध होंगे।
दीपावली व लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त
सभी धर्मग्रंथों व मुहूर्त ग्रंथों में कार्तिक कृष्ण अमावस्या को प्रदोष व रात्रि में ही दीपावली पर लक्ष्मी पूजन का श्रेष्ठ समय बतलाया गया है। अत: कल लक्ष्मी पूजन प्रदोषयुक्त अमावस्या को स्थिर लग्न व स्थिर नवांश में किया जाना सर्वश्रेष्ठ है। फिर लोग अपनी सुविधाओं को ध्यान में रखकर श्रेष्ठ चौघडिया मुहूर्तो का भी उपयोग कर लेते हैं। सभी दृष्टि से इस वर्ष लक्ष्मीपूजन का समय निम्नानुसार रहेगा।
पूजा का सर्वश्रेष्ठ समय
पूजा का सर्वश्रेष्ठ समय सायं 7.19 से 7.32 तक है। इसके अतिरिक्त प्रदोषकाल में सायं 5.48 से रात्रि 8.21 तक, वृष लग्न- रात्रि 7.07 से 9.04 तक, सिंह लग्न- मध्यरात्रि बाद 1.37 से रात्रि 3.53 तक के समय में भी मां महालक्ष्मी की पूजा की जा सकती है।
चौघडिया मुहूर्त निम्न प्रकार रहेंगे
अमृत व चर के चौघडिए सायं 5.48 से रात्रि 9.00 तक, लाभ का- मध्यरात्रि 12.11 से रात्रि 1.47 तक तथा शुभ व अमृत के- अन्तरात्रि 3.23 से अगले दिन सूर्योदय पूर्व तक।
विशेष- कुछ व्यापारी अपने उद्योग धन्धे-व्यवसाय आदि में दिवाली पूजन में दिवा मुहूर्तो को भी महत्व देने लगे हैं। ऎसी स्थिति में धनु लग्न को श्रेष्ठ मानते हैं क्योंकि धनु लग्न का स्वामी शुभग्रह गुरू ही तो है। इस दिन धनु लग्न प्रात: 10.45 से 12.49 तक रहेगी। यहां चर का चौघडिया भी विद्यमान रहेगा। जो पूजा कार्य में श्रेष्ठ रहेगा। मकर लग्न दोपहर 12.49 से दोपहर बाद 2.33 तक यद्यपि श्रेष्ठ हैं क्योंकि लग्न पर उच्च के गुरू की शुभ दृष्टि है और लग्नेश अपनी उच्चराशि तुला में दशम केन्द्र स्थान पर होगा, जिसमें लाभ व अमृत के चौघडिए भी रहेंगे, पर इसमें राहुकाल वेला शुभ नहीं रहेगी। तदन्तर राहुकाल वेला को टालते हुए अपराह्न 3.00 से सायं 4.03 तक कुम्भ लग्न व इसके बाद 4.03 से सूर्यास्त तक मीन लग्न व शुभ का चौघडिया भी श्रेष्ठ रहेगा। मीन लग्न पर उच्च के गुरू तथा भाग्येश की दृष्टि अति उत्तम मानी जाएगी। पूजा करने और कराने वाले दोनों को अत्यन्त लाभ होगा। व्यापार में प्रचुर लाभ व वृद्धि के साथ परिवार में नवीन खुशी का योग बनेगा।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।