‘आप’ की गालियों से मचा तहलका
(India)
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल की कथित आवाज वाला एक ऑडियो टेप सामने आया है। एक न्यूज चैनल पर दिखाए गए इस टेप में केजरीवाल प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव खेमे के दो नेताओं प्रफेसर आनंद कुमार और अजित झा लोगों के लिए कमीना और कमीनपंथी जैसे शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। यही नहीं वह प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव की ओर इशारा करते हुए कह रहे हैं कि दोनों यदि किसी और पार्टी में होते तो उन्हें पीछे लात मारकर बाहर निकाल दिया गया होता।यह ऑडियो टेप केजरीवाल और बनारस में आप के कार्यकर्ता उमेश कुमार सिंह का बताया जा रहा है। टेप में उमेश कुमार सिंह केजरीवाल से कह रहे हैं कि अगर वह पार्टी के अंदर की कलह को सुलझा लेते हैं तो वह मोदी से बड़े नेता बन सकते हैं। इस बातचीत के दौरान केजरीवाल बुरी तरह भड़क जाते हैं और अपनी अलग पार्टी बनाने की बात तक कह डालते हैं। टेप में केजरीवाल कह रहे हैं, आप योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण के साथ मिलकर काम कीजिए। आपको मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाए हैं। मैं इस लड़ाई-झगड़े के लिए नहीं आया था। अगर जरूरत पड़ी तो आम आदमी पार्टी छोड़कर अलग पार्टी बनाने की सोच रहा हूं। आप लोग संभालिए आम आदमी पार्टी को। बहुत अच्छी टीम है। प्रफेसर आनंद कुमार... पिछले चार दिन में प्रफेसर आनंद कुमार और अजित झा ने जो कमीनपंथी की है। मतलब इतना कमीना... उन्होंने कहा आरटीआई लागू करो, हमने कहा ठीक है हम तैयार हैं। कार्यकर्ताओं की सहभागिता, हमने सारी बातें उनकी मान लीं। अब कल वे कहते हैं, ये तो हम बार्गेंनिंग कर रहे थे।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।