अगले महीने मोदी कैबिनेट का विस्तार
(DELHI, India) खबर है कि अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी कैबिनेट का विस्तार करने वाले हैं. 20 अप्रैल को बजट सत्र का दूसरा हिस्सा शुरू होना है और पूरी उम्मीद है कि कैबिनेट का विस्तार इससे पहले हो जाएगा.
सूत्रों का कहना है कि अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला को कैबिनेट से बाहर कर राज्यपाल बनाया जाएगा. 74 साल की नजमा मोदी की कैबिनेट में सबसे ज्यादा उम्र की मंत्री हैं. जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी महबूबा मुफ्ती को मोदी अपने मंत्रिमंडल में जगह दे सकते हैं.
बीजेपी सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट के इस दूसरे विस्तार में पीडीपी और शिव सेना समेत सहयोगी पार्टियों के नेताओं को ज्यादा तवज्जो मिलेगी, जबकि उन मंत्रियों पर गाज गिर सकती है, जिनके कामकाज से प्रधानमंत्री खुश नहीं हैं. संसद का आने वाला सेशन सरकार के लिए बहुत अहम रहने वाला है क्योंकि राज्यसभा में भूमि अधिग्रहण बिल पेश होना है. बजट सत्र के पहले हिस्से में सरकार की काफी किरकिरी हो चुकी है इसलिए मोदी 20 अप्रैल से पहले अपनी कैबिनेट को और मजबूत करना चाहते हैं.
बंगलुरु में 3 अप्रैल से बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिन की बैठक शुरू होगी, जिसमें इस विस्तार पर चर्चा होने की पूरी उम्मीद है. राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद मोदी कभी भी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं.



Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।