कांग्रेस भूमि अधिग्रहण विधेयक पर सरकार को घेरने के लिए 19 अप्रैल को यहां पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में विशाल किसान रैली आयोजित करेगी जिसमें उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। पार्टी ने रैली के आयोजन के लिए वरिष्ठ नेता ए के एंटनी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है और पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह को रैली का संयोजक बनाया गया है। सिंह ने बताया कि रैली में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस सवाल पर कि क्या कांग्रेस उपाध्यक्ष भी रैली में भाग लेंगे उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं में गांधी भी शामिल हैं। पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने इस बात की पुष्टि की गांधी रैली में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि गांधी पिछले लगभग डेढ़ माह से पार्टी से अवकाश पर हैं और उन्होंने संसद के बजट सत्र में भाग नहीं लिया था। कांग्रेस महासचिवों तथा दिल्ली एवं सीमावर्ती राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा तथा पंजाब के प्रदेश अध्यक्षों की आज यहां एक बैठक हुई, जिसमें किसान रैली के आयोजन पर विस्तृत विचार विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी ने की। बैठक के बाद पार्टी के दिल्ली प्रभारी पी सी चाको ने बताया कि इस बैठक का एकमात्र एजेंडा किसान रैली के आयोजन का था और सभी नेताओं ने इसे सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि रैली का आयोजन यहां रामलीला मैदान में किया जा रहा है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।