पूर्व जनता परिवार के विलय को अंतिम रूप देने के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू अध्यक्ष शरद यादव से मुलाकात करेंगे। कभी जनता परिवार का हिस्सा रही समाजवादी पार्टी, जदयू, राजद, जनता दल एस और इनलो का जल्द विलय कर नई पार्टी के ऐलान की संभावना है।मुलायम सिंह और नीतीश कुमार की मुलाकात के दौरान विलय के बाद नई पार्टी नाम और चुनाव चिन्ह पर चर्चा होने की संभावना है। जदयू महासचिव केसी त्यागी के मुताबिक, जनता परिवार का विलय तय है। जल्द ही इसकी विधिवत घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी के एक नेता ने कहा कि विलय के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन की संभावना का विकल्प भी खुला है। हालांकि अंतिम फैसला आपसी सहमति से होगा। कभी जनता परिवार का हिस्सा रहे राष्ट्रीय लोकदल और बीजेडी इस मुहिम में शामिल नहीं हैं।जनता परिवार के विलय पर सभी दलों से बातचीत कर नई पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह तय करने की जिम्मेदारी सपा अध्यक्ष संभाल रहे हैं। पार्टी के एक नेता ने कहा कि विलय के मुद्दे पर मुलायम सिंह ने सभी पार्टियों के नेताओं से अलग-अलग विचार विमर्श किया है। लेकिन रविवार को जेडीएस अध्यक्ष एच.डी. देवगौड़ा और लोकदल के नेता मौजूद नहीं हैं। ऐसे में बैठक के बाद किसी बड़े ऐलान की संभावना कम है। पर घोषणा की तिथि का ऐलान हो सकता है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।