अब आपके समर्थक वापस मांगने लगे चंदा
(India)
राजधानी की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी में रोजाना कोई न कोई नया खुलासा हो रहा है या फिर गाहे बगाहे किसी न किसी कारणों से वह चर्चा में बनी हुई है। सत्ता में आने से पहले और बाद में पार्टी के भीतर उठ रहे रोजाना बवंडर से जहां उसकी जमकर फजीहत हो रही है वहीं आंदोलन के चलते साथ में जुड़े लोग भी धीरे धीरे मोहभंग होने के बाद खुद को अलग करते जा रहे हैं। नित नए विवादों से हो रही किरकिरी से कार्यकर्ता, समर्थक भी किनारा करने लगे हैं और उनके भीतर पार्टी के प्रति नाराजगी भी दिखने लगी है। हालिया मामला एक ऐसे समर्थक का है जिसकी नाराजगी इतनी बढ़ गई कि उसने पार्टी को दिए चंदे को वापिस करने की मांग ही कर डाली। दिल्लीवासियों को याद होगा वह नीली वैगन आर कार। जी, इस नीली वैगन आर को दान में देने वाले लंदन में रह रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुंदन शर्मा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से वह कार मांगी है जिसे उन्होने दान में दिया था। यह नीली कार पिछले चुनाव में खूब चर्चा में रही थी और अरविंद इसी नीली वैगनआर कार में घूमते हुए दिखते थे। यहां तक कि 49 दिन की सरकार में नीली कार मुख्यमंत्री की कार थी। इस कार के मालिक कुंदन शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी मांग रखते हुए अपनी नाराजगी जताई और कहा है कि वह कार के साथ साथ आम आदमी पार्टी को दिए गए चंदे की राशि भी वापिस चाहते हैं। अब वे पार्टी को दिये चंदे को वापस जरूर मांग रहे हैं हां, उन्होने इस राशि का उल्लेख कहीं नहीं किया है। इस समर्थक ने जो कार अरविंद केजरीवाल को दी थी वही नीली वैगनआर कार अरविंद ने लोकसभा चुनाव में नवीन जयहिंद को हरियाणा में दे दी थी। वहां से कार चुनाव के बाद वापिस आ गई और उसके बाद अरविंद दूसरी बड़ी कार का इस्तेमाल करने लगे और पार्टी के सूत्र मानते हैं कि वह कार अभी कौशांबी स्थित उनके आवास पर खड़ी हुई है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।