एक हुआ जनता परिवार
(India)
बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को रोकने के लिए एक होने की राह पर चल रहा समाजवादी कुनबा बुधवार को एक हो गया। एका का ऐलान करते हुए शरद यादव ने कहा कि एका का फैसला सभी दलों की आम सहमति से हुआ है। नए दल के अध्यक्ष तथा संसदीय समिति के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव होंगे। इस अवसर पर शरद यादव ने कहा कि पार्टी का नाम और झंडा के बारे में अभी फैसला नहीं हुआ है। एच डी देवगौड़ा, लालू प्रसाद, शरद यादव और रामगोपाल यादव सहित छह सदस्यीय समिति बनाई गई है जो पार्टी के नाम और झंडा जैसे मुद्दों का फैसला करेगी। जिन दलों का विलय हुआ है, उनमें सपा, राजद, जदयू, जेडीएस, आइएनएलडी और कमल मोरारका की पार्टी शामिल हैं। इस अवसर पर मुलायम सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार विपक्षी दलों की राय नहीं लेती है। मुलायम ने कहा कि इस अहंकार शासन को समाप्त करना जरूरी है। मुलायम ने कहा कि अब हम एकजुट होकर भाजपा का सामना करेंगे। मुलायम ने कहा कि भाजपा अपने वादों पर खरे नहीं उतरी है। सरकार ने कोई काम नहीं किया है। मुलायम ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की अहम भूमिका होती है, ऐसे में मीडिया वालों को इस नये दल के संदेशों को जनता तक पहुंचाना चाहिए। एकता की घोषणा के बाद राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि अभी देश मेें सांप्रदायिक शक्तियों को देखते हुए हमने इसका फैसला किया है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।