किसान रैली: राहुल ने साधा PM पर निशाना
(DELHI, India) अज्ञातवास के बाद देश लौटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भूमि अधिग्रहण के बहाने रविवार को दिल्ली में किसान रैली को संबोधि‍त किया. रामलीला मैदान में आयोजित इस रैली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी अपनी बात रखी. राहुल ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भूमि बिल के जरिए वह कारोबारियों का कर्ज उतार रहे हैं.किसान रैली को राहुल गांधी के री-लॉन्च‍िंग के तौर पर देखा जा रहा है. इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, 'आज किसान और मजदूर घबराए हुए हैं. सरकार उद्योगपतियों के लिए उनकी जमीन छीन रही है. मोदी सरकार ने कारोबारियों से खूब सारा कर्ज लिया है, जिसे वह चुका रही है. सरकार की इस नीति से नौजवान नक्सली बनेंगे.
पीएम मोदी के विदेश दौरों पर जुबानी प्रहार करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह विदेशों में जाकर कहते हैं कि 50 साल का कचरा साफ कर रहे हैं. ऐसे बयान प्रधानमंत्री की गरिमा के खिलाफ हैं. उनका मेक इन इंडिया देश से छलावा है, जो कभी सफल नहीं होगा. दिल्ली रैली में मोदी के भूमि बिल की सोनिया गांधी ने सियासी जमीन खिसकाई और पूछा कि कभी किसानों को साहूकरों से बचाने वाले कहां गए. सोनिया ने कहा कि कांग्रेस किसानों का हक कभी छीनने नहीं देगी.

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।