राहुल को अध्यक्ष बनाने की तैयारी शुरू!
(India)
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी को लेकर पार्टी में पेशकदमी शुरू हो गई है। पिछले पंद्रह अप्रैल को आत्मचिंतन की छुट्टियों से लौटे राहुल पार्टी के लिए संसद से सड़क पर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। वहीं, पार्टी भी तय रणनीति के तहत उनकी ताजपोशी की राह पर आगे बढ़ चली है। कांग्रेस की कोशिश राहुल के प्रमोशन पर पार्टी कार्यसमिति में ही मुहर लगवाने की है। इस बीच, पार्टी ने छह मई को सुबह पार्टी संसदीय दल की बैठक बुलाई है, जबकि उसी दिन शाम को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी सांसदों को रात्रिभोज पर आमंत्रित किया है। जानकारी के मुताबिक, इससे पहले पांच तारीख को भी कई बैठकें प्रस्तावित हैं। जिनमें पार्टी उपाध्यक्ष कांग्रेस के सभी सांसदों से मुलाकात करेंगे। जबकि पार्टी अध्यक्ष सोनिया कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों व अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं से मिल सकती हैं।बैठकों के दौर व पार्टी उपाध्यक्ष के पार्टी नेताओं के अलग से मिलने को लेकर माना जा रहा है कि पार्टी में राहुल के बाबत निर्णय लिया जा चुका है। टीम राहुल के एक नेता के मुताबिक राहुल को लेकर अब निर्णय पर अमल होना बाकी है। इस नेता के मुताबिक राहुल पार्टी के शीर्ष में बड़े बदलाव को लेकर अपने पुराने स्टैंड से पीछे हट गए है। हालांकि, वह अपनी टीम के आधा दर्जन नेताओं को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर देखना चाहते हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।