यूपी में महिलाएं कितनी असुरक्षित हैं, इसका अंदाजा आगरा की इस घटना से लगाया जा सकता है. यहां सरेराह सपा नेता के एक कमांडो ने महिला से छेड़खानी कर दी. सत्ता और वर्दी के नशे में चूर कमांडो ने महिला को आंख मारा तो उसने इसका विरोध किया. इसके बाद महिला का मोबाइल तोड़ दिया गया. इसके बाद महिला नेता की मर्सिडीज कार पर चढ़ गई और उसने जमकर तोड़-फोड़ की. कार पर लगा सपा का झंडा निकाल फेंका. जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी बहन के साथ डॉक्टर के पास जा रही थी. ट्रैफिक सिगनल पर सपा नेता अभिनव शर्मा के काफिले के पास उसने अपनी स्कूटी रोकी. उसी समय कार में बैठे सपा नेता के कमांडो ने उसको आंख मार दी. महिला अपने मोबाइल से कार के नंबर प्लेट की फोटो खींचने लगी. उसी समय कमांडो गाड़ी से नीचे उतरा और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया. महिला के मुताबिक, जब जिम्मेदार लोग ही ऐसा करेंगे, तो जनता क्या करेगी. छेड़छाड़ की घटना के बाद हमने गाड़ी रुकवाई और गाड़ी के नंबर प्लेट की फोटो खींच ली. इसके बाद हमारा मोबाइल तोड़ दिया गया. बाद में सपा नेता को महिला के मोबाइल की कीमत देनी पड़ी. उन्होंने उसे करीब 6 हजार 500 रुपये बतौर हर्जाना दिया. सपा नेता अभिनव शर्मा का कहना था कि उन्होंने हर्जाना दे दिया है. बॉडीगार्ड्स ने युवती के साथ गलत व्यवहार किया था. लेकिन आंख मारने वाली बात गलत है.
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।