कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह का रिसेप्शन शुक्रवार को दिल्ली के अशोका होटल में हुआ। रिसेप्शन में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, लालू यादव, मुलायम सिंह यादव, शरद यादव समेत तमाम हस्तियां वर-वधू को बधाई देने पहुंचीं। हालांकि सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह रिसेप्शन में नहीं दिखाई दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी खुद दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन सिंह ने की। दिग्विजय सिंह पीएम मोदी का हाथ पकड़कर उन्हें मंच पर लेकर आए। जैसे ही मोदी मंच पर पहुंचे दुल्हन सृजाम्या ने आगे बढ़कर प्रधानमंत्री का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वर-वधू को बधाई देने के बाद मोदी कुछ देर वहां रुके। जब वो वापस जाने लगे तो कुछ लोगों ने उनके साथ सेल्फी के लिए अनुरोध किया। पीएम मोदी ने लोगों का अनुरोध मानते हुए कई लोगों के साथ सेल्फी खिंचवाई। रिसेप्शन में कांग्रेस के तमाम नेता पहुंचे। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, पी चिदम्बरम, कमलनाथ, अंबिका सोनी, शीला दीक्षित, जनार्दन दिवेदी, सचिन पायलट, अशोक गहलोत, शिवराज पाटिल शामिल थे। कांग्रेस के अलावा सरकार के कई मंत्री भी रिसेप्शन में पहुंचे। देर रात तक लोग वर-वधू को आर्शीवाद देने के लिए पहुंचते रहे। इस मौके पर मीडिया की कई दिग्गज हस्तियां भी नजर आईं।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।