पत्रकार मौत मामले में मंत्री का इस्तीफा नहीं लेगी सपा सरकार
(India)
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मृतक पत्रकार जगेन्द्र सिंह के परिवार, पत्रकार संगठनों और विपक्षी दलों की मांग को दरकिनार करते हुए सत्तारूढ समाजवादी पार्टी ने सोमवार को स्पष्ट कहा कि बगैर जांच के परिवार कल्याण राज्य मंत्री राम मूर्ति वर्मा को मंत्रिमंडल से नहीं हटाया जायेगा। सपा के प्रमुख प्रवक्ता और लोक निर्माण विभाग के मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से कहा कि जगेन्द्र सिंह की मृत्यु के मामले में जांच चल रही है। जांच में यदि मंत्री दोषी पाये जाते हैं तभी उन्हें हटाया जायेगा। उन्होंने बाल पुष्टाहार राज्यमंत्री कैलाश चैरसिया का नाम लिए बगैर कहा कि उनके बारे में भी जांच के बाद ही यथोचित निर्णय लिया जायेगा। शाहजहांपुर में पत्रकार जगेन्द्र सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में पिछले एक जून को जल गये थे। उन्हें गंभीर अवस्था में लखनऊ के ट्रामा सेन्टर में भर्ती कराया गया था जहां आठ जून को उनकी मृत्यु हो गयी थी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।