मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संवाद भवन में अपनी अगले पांच साल की योजनाओं का खुलासा किया। देश के सबसे अधिक युवाओं के प्रदेश में नीतीश कुमार ने युवाओं पर ही अपना दांव खेला है। अगले पांच साल की सभी योजनाओं में युवाओं को ही तरजीह दी गई है। नीतीश ने कहा कि अगले पांच साल में बिहार के विकास के लिए दो लाख 70 हजार करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि सवा लाख करोड़ रुपये के पैकेज के जवाब में दो लाख 70 हजार करोड़ रुपये का पैकेज खर्च किया जाएगा। बिहार की 66 फीसद आबादी कृषि पर निर्भर है, इसलिए इस दिशा में कार्य चल रहा है। शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि अनेक बातों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। अगले पांच सालों में और तेजी से बिहार आगे बढ़ेगा। नीतीश ने कहा, हमने बहुत कुछ हासिल किया है। हम जिन योजनाओं को चला रहे हैं, उनको आगे क्रियान्वित करना ही है, साथ ही उसमें और भी सुधार करेंगे। इसके आगे कुछ कार्यक्रमों को और चलाना है, उसी की चर्चा के लिए आपके सामने आया हूं। बिहार में युवा आबादी सबसे अधिक है। यहां हमें युवा बहुल राज्य के लिए शिक्षा, रोजगार के अवसर, कौशल विकास को सक्षम बनाने की ओर ध्यान देना होगा। नई पीढ़ी जबतक रोजगार न पाए और सक्षम न हो तो लक्ष्य हासिल नहीं कर सकते।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।