भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को दिनभर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ मंथन करते रहे। दोपहर 12 बजे पटना पहुंचते ही वे सीधे गांधी मैदान के पास स्थित एक होटल पहुंचे जहां दिनभर शीर्ष नेताओं के आने का सिलसिला जारी रहा। शाह ने सबके साथ अलग-अलग बातचीत की और सभी को टास्क सौंपा। अमित शाह के साथ ही मंगलवार को केन्द्र सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी पटना पहुंच गए हैं। पार्टी ने इन्हें बिहार चुनाव में लगाया है। केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री एवं बिहार चुनाव के सह प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जयप्रकाश नड्डा, केन्द्रीय एमएसएमई मंत्री कलराज मिश्र, कपड़ा मंत्री संतोष गंगवार, खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, केन्द्रीय दूरसंचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, एमएसएमई राज्यमंत्री गिरिराज सिंह, राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा, पूर्व एमएलसी गंगा प्रसाद के साथ अमित शाह ने बिहार में चुनाव प्रचार की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने इस पर विमर्श किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रहार के लिए राज्य सरकार की कौन-कौन सी विफलता को जनता के सामने पेश करना है। समीक्षा बैठकों में बिहार चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार, बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय भी मौजूद रहे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।