आप विधायक पर अवैध वसूली का आरोप
(India)


जलबोर्ड ने दक्षिणी दिल्ली स्थित संगम विहार और देवली विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विधायकों पर पानी के कनेक्शन के नाम पर की जा रही वसूली की पुलिस से जांच करने को कहा है। जलबोर्ड द्वारा एक स्थानीय एनजीओ संचालक समकेश सिद्धू की शिकायत के हवाले से संगम विहार पुलिस थाने को भेजे पत्र में जलबोर्ड के कार्यकारी अभियंता और स्थानीय विधायक की भूमिका की जांच कर उपयुक्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। हालांकि स्थानीय आप विधायक दिनेश मोहनिया और प्रकाश जारवाल ने शिकायत को गलत बताते हुए शिकायतकर्ता को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। शिकायत में कहा गया है कि स्थानीय आरडब्ल्यूए पाइपलाइन डलवाने के लिए विधायक के नाम पर प्रत्येक परिवार से 1500 रुपये वसूल रहे हैं। जारवाल ने कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न ब्लॉक में पानी की पाइपलाइन डालने का काम पूरा होने के बाद स्थानीय आरडब्ल्यूए की तरफ से जनभागीदारी से घर तक पाइपलाइन ले जाने की पहल की गई थी। सिद्धू ने उन्हें खुद पत्र लिखकर संगम विहार जी ब्लॉक से चंदा एकत्र कर यह काम कराने का अनुरोध किया था। अब उनकी संस्था ने विधायक के नाम पर वसूली की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं जलबोर्ड के उपाध्यक्ष मोहनिया ने मामला संज्ञान में आते ही मामले की विजिलेंस जांच का आदेश दिया गया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने भी जलबोर्ड की शिकायत पर इलाके में पड़ताल की जिसमें लोगों ने आरडब्लूए द्वारा पैसा एकत्र कर घर तक पाइपलाइन डालने का काम करवाने की बात कही है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।