केंद्रीय मंत्री वी के सिंह ने यह टिप्पणी करके विवाद पैदा कर दिया कि यदि कोई व्यक्ति किसी कुत्ते को पत्थर मारता है तो उसके लिए केंद्र को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। सिंह दरअसल फरीदाबाद में दलितों को जला दिए जाने की घटना पर हो रही आलोचना से केंद्र सरकार को बचाने के लिए बोल रहे थे। इस टिप्पणी के बाद विपक्ष ने सिंह को हटाने की मांग की है। सिंह ने उत्तर प्रदेश स्थित अपने संसदीय क्षेत्र गाजियाबाद में कहा, देखो, बात यह है कि स्थानीय घटनाओं को केंद्र सरकार से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। जांच चल रही है। दो परिवारों के बीच क्षगड़ा था। यह झगड़ा कैसे इसने यह रूप लिया, प्रशासन कहां विफल रहा, इसके बाद केंद्र पर बात आती है। हरियाणा के फरीदाबाद में 19-20 अक्तूबर की दरम्यानी रात में दलित परिवार को जिंदा जला दिए जाने की घटना का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, हर चीज के लिए सरकार जिम्मेदार हो, ऐसा नहीं है, जैसे कि यदि कोई एक कुत्ते पर पत्थर फेंकता है तो भी सरकार जिम्मेदार है, ऐसा नहीं है। इस घटना में दो छोटे बच्चे जलकर मर गए थे। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री सिंह की इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस समेत विपक्ष द्वारा तीखी आलोचना की जा रही है। कांग्रेस ने उन्हें तत्काल हटाए जाने की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, यह निंदनीय है, स्तब्ध करने वाला और अमानवीय है। जनरल वीके सिंह ने न सिर्फ देश के पूरे दलित समाज का अपमान किया है बल्कि सभी भारतीयों का अपमान किया है। यह मोदी सरकार की सोच को दर्शाता है, जो कि दलितों का अपमान करती है, अल्पसंख्यकों का अपमान करती है और गरीबों एवं पददलितों को हेय दृष्टि से देखती है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।