ब्रिटिश नागरिकता के आरोपों में जरा भी सच्चाई नहीं-राहुल
(India)


कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ब्रिटिश नागरिकता के सवाल पर उनकी जांच कराने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वह आरोपों से डरने वाले नहीं हैं और गरीबों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। अत्यंत आक्रामक लहजे में मोदी सरकार पर बरसते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उन पर अलग-अलग आरोप लगाए जाते हैं और उनमें जरा भी सच्चाई नहीं होती। मोदी उनके खिलाफ जांच करवा ले और यदि कोई साक्ष्य उनके खिलाफ मिलते हैं तो उन्हें जेल भिजवा दें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके खिलाफ जो बातें की जा रही हैं, उनसे वह डरने वाले नहीं है और वह गरीबों, मजदूरों, दलितों और आदिवासियों के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे और पूरे देश में घूम घूमकर सच्चाई को सबके सामने लाएंगे। गांधी युवक कांग्रेस द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी का नाम लिए बिना कहा श्री मोदी अपने लोगों से उनके और उनके परिवार के सदस्यों पर कीचड़ उछलवा रहे हैं और इससे वह डरने वाले नहीं हैं। आपको बता दें कि स्वामी ने श्री गांधी के खिलाफ दोहरी नागरिकता का आरोप लगाया है और पूरी भाजपा इस पर गांधी से सफाई मांग रही है। गांधी ने कहा कि उनके भीतर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के गुण हैं। उनकी तरह ही वह भी गरीबों और समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के लिए काम करना चाहते हैं और इसलिए निरंतर उनके हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। गरीबों के हितों के लिए कांग्रेस मजबूती के साथ खड़ी है और निरंतर उनकी लड़ाई लड़ती रहेगी

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।