गृहमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुझे पता चला है कि कुछ स्थानों पर कश्मीरियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं हुई हैं। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से अपील करता हूं कि वे अपने राज्यों में कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा मैं सभी से अपील करता हूं कि वे कश्मीरी युवाओं को अपना भाई समक्षें और उनके साथ अच्छा व्यवहार करें।
गृहमंत्री ने कहा कि उनके मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों को वहां रह रहे कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक परामर्श भेजा जा रहा है। सिंह का यह बयान उन खबरों के मद्देनजर आया है जिसमें कहा गया है कि राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश में कश्मीरी छात्रों को कथित रूप से धमकियां मिल रही हैं।
इन घटनाओं की निंदा करते हुए गहृमंत्री ने कहा कि हर मामले में उचित जांच शुरू की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कदम उठाया जाना चाहिए। सिंह ने कहा कि कश्मीरी किसी भी अन्य भारतीय की ही तरह हैं।
राजनाथ ने कहा कश्मीर की जनता का राष्ट्रनिमार्ण में योगदान बहुत अधिक है। वे किसी भी अन्य भारतीय की तरह हैं। मैं हर किसी से अपील करता हूं कि वे कश्मीरी युवाओं को अपना भाई मानें और उनके साथ अच्छा व्यवहार करें। वे परिवार का हिस्सा हैं।
राजस्थान से आई खबरों में कहा गया कि बुधवार को चित्तौड़गढ़ में कुछ स्थानीय लोगों और मेवाड़ विश्वविद्यालय के कश्मीरी छात्रों के बीच झड़प के बाद तनाव पैदा हो गया था। दोनों पक्षों के बीच झड़प तब शुरू हुई जब कश्मीरी छात्रों को कथित तौर पर पत्थरबाज कहकर पुकारा गया और कश्मीर घाटी में सीआरपीएफ के जवान के साथ बदसलूकी के वीडियो को लेकर तंज कसा गया।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।