कुपवाड़ा में सेना के कैंप पर आतंकी हमला
(India)
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के पंजगाम में गुरुवार तड़के आतंकियों ने सेना के कैंप पर उड़ी की तर्ज पर हमला बोला। भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने इस बार सेना के आर्टिलरी बेस को निशाना बनाया। इस हमले में कैप्टन समेत सेना के तीन जवान शहीद हुए हैं। वहीं पांच जवानों के घायल होने की खबर है। मुठभेड़ में दो आतंकी भी मार गिराए गए हैं। कश्मीर में सेना पर हुए हमले के बाद गृह मंत्रालय ने बैठक बुलाई है। इसमें घाटी में पत्थरबाजी की घटनाओं पर भी चर्चा होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला सुबह चार बजे के आसपास हुआ। आतंकियों ने चैकीबल स्थित पंजगांव में बटालियन शिविर को निशाना बनाया। इस क्षेत्र की अहम सड़कों पर यह शिविर सड़कें खोलने के काम की जिम्मेदारी निभाता है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शहीद हुए सैन्य अधिकारी की पहचान कैप्टन आयुष के तौर पर हुई है। ऐसा माना जा रह है कि आतंकियों का संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से है। सूत्रों ने कहा कि सेना ने दो आतंकियों को मार गिराकर उनके हमले को विफल कर दिया। हालांकि यह सुनिश्चित करने के लिए तलाश जारी है कि कहीं अंधेरे का फायदा उठाकर कोई आतंकी शिविर के अंदर तो नहीं घुस गया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।