‘सियाचिन ग्लेशियर के पास नहीं उड़े पाकिस्तानी लड़ाकू विमान’
(India)
सियाचिन ग्लेशियर के पास आज पाकिस्तानी एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों के उड़ान भरने की खबर को भारतीय वायुसेना ने खारिज कर दिया है। सेना ने कहा कि सियाचिन में भारत की ओर किसी पाकिस्तानी लड़ाकू विमान ने उड़ान नहीं भरी है। इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया था कि पाकिस्तानी सेना ने अपने सभी अग्रिम एयरबेस को ऑपरेशनल कर दिया है। उन्होंने सियाचिन के आकाश में पाकिस्तानी वायुसेना के विमानों के उड़ाने भरने की बात भी कही थी। टीवी रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के वायुसेनाध्यक्ष भी सियाचिन पहुंचे हैं और उन्होंने वहां एक लड़ाकू विमान भी उड़ाया। एलओसी पर लगातार सीजफायर उल्लंघन और भारतीय सैनिकों के शवों के साथ बर्बरता किए जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में काफी तनाव आ चुका है। मंगलवार को एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें भारतीय सेना नौशेरा और नौगाम सेक्टर में पाकिस्तान की कुछ चैकियों को तबाह करती नजर आ रही थी। भारतीय सेना द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया था कि ये ऑपरेशन पाकिस्तान की तरफ से होने वाले सीजफायर और घुसपैठ के जवाब में किया गया था। सेना ने इस ऑपरेशन में रॉकेट लॉन्चर, एंटी टैंक मिसाइल और ऑटोमेटिक हथियारों का भी इस्तेमाल किया था।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।