इस्लामाबाद हाइकोर्ट के आदेश के बाद उजमा लौटी स्वदेश, सुषमा ने किया स्वागत
(DELHI, DELHI) इस्लामाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद भारतीय महिला उजमा गुरुवार को सुरक्षा के बीच वाघा सीमा पर पहुंची, भारतीय अधिकारियों ने उनको रिसीव किया। स्वदेश वापसी पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, भारत की बेटी का स्वागत है। तुम्हारे साथ जो कुछ भी हुआ इसके लिए दुख है। बहन उजमा की वापसी पर उसके भाई वसीम अहमद ने कहा कि बहन की वापस आने की खबर से वह काफी खुश हैं। उसकी फ्लाइट देर हो गई है, इसलिए पता नहीं है कि वह दिल्ली कब पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि सुषमा स्वराज लगातार उनको उजमा के बारे में अपडेट करती रही हैं। केंद्र सरकार ने उनकी पूरी मदद की है। विदेश मंत्रालय और सुषमा स्वराज का बहुत-बहुत धन्यवाद। गौरतलब है ​कि इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने बुधवार को पाकिस्तानी व्यक्ति पर जबरन शादी करने का आरोप लगाने के बाद भारतीय उच्चायोग में शरण लेने वाली भारतीय महिला उजमा को भारत लौटने की अनुमति दी थी। पुलिस को उसे वाघा बार्डर तक छोड़ने के आदेश भी दिए थे। उजमा इस महीने पाकिस्तान आई थी। उसने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी नागरिक ताहिर अली ने बंदूक की नोक पर शादी करने के लिए उसे मजबूर किया। उजमा ने 12 मई को अदालत में याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि उसे घर वापस जाने की अनुमति दी जाए क्योंकि उसकी पहली शादी से हुई बेटी भारत में थैलीसीमिया से पीड़ित है। अली ने अदालत में अपनी याचिका में आग्रह किया था कि उसे उसकी पत्नी से मिलने दिया जाए। न्यायमूर्ति मोहसिन अख्तर कयानी की एकल पीठ ने कल दोनों याचिकाओं पर सुनवाई की। उनकी दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति ने उजमा को भारत लौटने की अनुमति दी। अदालत ने उसके वीजा दस्तावेज भी लौटा दिए जो अली ने ले लिए थे। अदालत के आदेश के बाद दस्तावेजों को मंगलवार को अदालत में सौंपा गया था।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।