ईवीएम हैकिंंग चैलेंज से काँग्रेस ने किया किनारा,"आप" ने मांगी नियमों व शर्तो मे छूट
(DELHI, DELHI) 3 जून से ईवीएम चैलेंज शुरू होने वाला है और आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से हैकिंग के लिए कोई शर्त या नियम न रखने की गुजारिश की है, जबकि कांग्रेस इस चैलेंज को स्वीकार करने से पीछे हट रही हैं , "आप" ने चुनाव आयोग से कहा है कि राजनैतिक पार्टियों द्वारा नॉमिनेट किए गए ऐसे एक्सपर्ट दिए जाएं जो ईवीएम चैलेंज के दौरान ईवीएम के अंदरूनी और बाहरी पुर्जों को ऐक्सेस कर सकें। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी की ओर से सक्षिप्त संदेश मिले हैं कि इस मामले में एक जिम्मेदार कदम उठाते हुए इससे दूरी बनाई जाए।आप का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को आयोग से मिला और कहा, कृपया इस चुनौती के लिए कोई नियम व शर्तें न रखी जाएं। इस हैकिंग को खुला रखें, जहां मशीन के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ का डेमो किया जा सके। इस बाबत आयोग को एक ज्ञापन भी सौंपा। ईवीएम चैलेंज के लिए चुनाव आयोग की ओर से न्योता मिलने पर चर्चा के बाद कांग्रेस की ओर से ठंडी प्रतिक्रिया मिली। कांग्रेस के एक प्रमुख सूत्र ने बताया कि पार्टी का विचार इस चैलेंज से दूर रहने का है। पाँच राज्यों में चुनाव के नतीजे आने के बाद विपक्षी पार्टियां ईवीएम में गड़बड़ी और छेड़छाड़ किए जाने के आरोप लगा रही थीं। आम आदमी पार्टी ने विधानसभा में एक डेमो भी दिया था। इन आरोपों को देखते हुए आयोग ने 20 मई को कहा कि 3 जून से ईवीएम चैलेंज शुरू किया जाएगा, जहां पार्टियों के नॉमिनी ईवीएम को चेक कर सकेंगे। आयोग को सौंपे गए ज्ञापन में "आप" के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता ने लिखा, यह मुद्दा किसी व्यक्ति विशेष या पार्टी से जुड़ा नहीं है, बल्कि देश में लोकतंत्र की हिफाज़त का है। आप देश में लोकतंत्र के रक्षक हैं, हम आपसे देश के हित को देखते सही फैसले की उम्मीद करते हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।