बाबरी केस मे आडवाणी—जोशी और उमा सहित सभी आरोपियों पर आज होगा फैसला
(DELHI, DELHI) भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती आज सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश होंगे। अयोध्या में बाबरी ढांचा ढहाये जाने के मामले में उन पर आरोप तय होंगे। आडवाणी और जोशी दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। भाजपा नेताओं के अलावा सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एस के यादव ने भाजपा नेता विनय कटियार, विहिप नेता विष्णु हरि डालमिया और साध्वी रितंभरा से भी अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा है। अदालत ने कहा कि अब छूट या सुनवाई स्थगित करने का कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अदालत अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाये जाने से जुड़े दो अलग-अलग मामलों की सुनवाई कर रही है। महंत नृत्य गोपाल दास, महंत राम विलास वेदान्ती, बैकुण्ठ लाल शर्मा उर्फ प्रेमजी, चंपत राय बंसल, महंत धर्म दास एवं सतीश प्रधान को भी एक मामले में कल ही तलब किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने 19 अप्रैल को निर्देश दिया था कि आडवाणी ,जोशी और उमा के अलावा बाकी सभी आरोपियों पर बाबरी ढांचा ढहाये जाने के मामले में आपराधिक षडयंत्र का मुकदमा चलेगा। न्यायालय ने मामले की सुनवाई रोजाना कराने और दो साल में सुनवाई समाप्त करने का निर्देश दिया है।सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि भाजपा नेता कल्याण सिंह जब तक राज्यपाल के पद पर हैं, उनके खिलाफ मुकदमा नहीं चल सकता। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उसी समय ढांचा ढहाया गया था। न्यायालय ने रायबरेली की अदालत में आडवाणी, जोशी, उमा और तीन अन्य आरोपियों पर चल रहे मुकदमे को लखनउ स्थानांतरित करने का आदेश दिया ताकि ढांचा ढहाये जाने के मामलों की एक साथ सुनवाई हो सके। विहिप के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास, राम विलास वेदान्ती और महंत धर्मदास कल सुनवाई के लिए अयोध्या से लखनउ रवाना होंगे।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।