20 जुलाई को आएंगे राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे
(India)
हरियाणा में गत वर्ष राज्यसभा चुनाव में स्याही को लेकर हुए विवाद के बाद निर्वाचन आयोग ने 17 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में वोट देने के वास्ते मतदाताओं के लिए विशेष पेन का इस्तेमाल करने का निर्णय लिया है। वर्तमान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। 17 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव कराए जाएंगे जिसके नतीजे 20 जुलाई को आएंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त नसीम जैदी ने कहा, ‘‘मतदान के लिए आयोग खास तरह का पेन उपलब्ध कराएगा। जब मत पत्र दिया जाएगा तो नामित अधिकारी मतदान केंद्र में मतदाताओं को यह पेन देंगे। मतदाताओं को इस विशेष पेन से ही वोट देना होगा ना कि किसी दूसरे पेन से। किसी दूसरे पेन से वोट देने पर वोट को अमान्य घोषित किया जा सकता है।’’ बता दें कि पिछले साल हरियाणा में गलत पेन से किए गए 12 वोटों को अमान्य घोषित कर दिया गया था जिसके कारण कांग्रेस के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवार आर के आनंद को मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा से हार का सामना करना पड़ा था। भविष्य में चुनावों में ऐसे विवादों को दोहराने से बचने के तरीकों का सुझाव देने वाली चुनाव समिति द्वारा गठित कार्यकारी समूह की सलाह के आधार पर विशेष पेन इस्तेमाल करने का फैसला लिया गया है। निर्वाचन आयोग ने एकरूपता और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए वोट देने के लिए बैंगनी पेन का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।