एकता बिष्ट ने इसी साल फरवरी महीने में कोलंबो में खेले गए आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर मुकाबले में पाक के खिलाफ जबर्दस्त गेंदबाजी की थी। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। एकता की अगुवाई में टीम इंडिया ने पाक को सिर्फ 67 रनों पर समेट दिया। प्लेयर ऑफ द मैच एकता बिष्ट ने 10 ओवर में सात मेडन फेंकते हुए सिर्फ 8 रन देकर पांच विकेट चटकाए। यह एकता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने सिर्फ तीन विकेट खोकर इस मैच को आसानी से जीत लिया।
पहली बार 7 फरवरी 2013 में महिला वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ एकता को मैच में मौका दिया गया। मगर 9 ओवर में 50 रन देकर एकता 1 ही विकेट ले सकी। रविवार को आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में तीसरी बार एकता पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरी। यहां भी एकता का की फिरकी का जादू चला और अपने स्पेल के पहले 4 ओवर में 3 विकेट लेकर एकता ने पाक को बैकफुट में धकेल दिया। 10 ओवर में 18 रन देकर एकता ने दूसरी बार 5 विकेट पाकिस्तान के खिलाफ लिए। इसमें खास बात यह है कि पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज आयशा जफर को दोनों बार एकता ने एलबीडब्ल्यू आउट किया है।
पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों में एकता ने कुल 29 ओवर डाले हैं, इसमें 9 ओवर मेडन हैं। एकता का इकोनॉमी रेट भी पाक के खिलाफ शानदार है। 2.62 प्रति ओवर के इकोनॉमी रेट से कुल 76 रन दिए हैं और 6.90 की एवरेज से 11 विकेट एकता ने लिए हैं। जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ एकता सबसे अधिक 13 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 12 विकेट ले चुकी हैं।
32 साल की एकता बिष्ट ने भारत की ओर से 43 वनडे मैच खेले हैं जिसमें 68 विकेट लिए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने करियर में दो बार पारी में पांच विकेट लिया है और दोनों बार यह कारनामा पाकिस्तान के खिलाफ किया। अब तक कुल 3 मैचों में पाकिस्तान के खिलाफ एकता 11 विकेट ले चुकी हैं।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।