भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल यात्रा दोनों देशों के रिश्तों में आए अहम मोड़ और आपसी समझौतों के अलावा पीएम मोदी के खान-पान और स्वागत-सत्कार को लेकर भी चर्चा में है। नरेंद्र मोदी इजराइल जाने वाले पहले भारतीय पीएम हैं। चार जून से छह जून तक की विदेश यात्रा पर गए पीएम मोदी का स्वागत इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने “मेरे दोस्त” कहकर किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी इजराइल के मशहूर किंग डेविड होटल में ठहरे हैं। इस होटल में अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, जॉर्ज बुश, ओबामा और डोनाल्ड ट्रंप भी ठहर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी के लिए इस होटल में गुजराती खाने की व्यवस्था की गई है। भारतीय प्रधानमंत्री शाकाहारी हैं। पीएम मोदी के खानपान की जिम्मेदारी रीना पुष्कर्णा नामक शेफ को दी गई है। रीना ने मीडिया के बताया कि पीएम मोदी को उनका जोर सामान्य और भारतीयों के दिलों के करीब रहने वाले खाने को पकाने पर है। उन्होंने कहा कि भारतीय मां का खाना पसंद करते हैं जो उनके दिल के काफी करीब रहता है, जैसे कि दाल, चावल, खिचड़ी, पापड़य हमारा ऐसे खाने पर जोर है। रीना पुष्कर्णा ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि बुधवार को पीएम मोदी ने लंच में खिचड़ी खाई। रीना ने टीओआई को बताया, “मैंने पीएम मोदी के लिए खिचड़ी, चास और सलाद भेजा था।” किंग डेविड होटल में केवल कोशर भोजन (यहूदी धर्म के अनुसार खान-पान) मिलता है इसलिए पीएम मोदी के लिए भोजन की व्यवस्था अलग से की गई है। इजराइली पीएम नेतन्याहू ने मंगलवार को पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान उन्हें बताया कि वो 30 साल पहले सारा के साथ तेल अवीव स्थित एक भारतीय रेस्तरां में डिनर डेट पर गए थे। सारा बाद में उनकी पत्नी बनीं। 30 साल बाद उस रेस्तरां की मालिक रीना पुष्कर्णा पीएम मोदी के खान-पान की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।