इजरायल यात्रा के बाद जी 20 सम्मेलन के लिए हैम्बर्ग पहुंचे मोदी, शी जिनपिंग से वार्ता संभव नहीं
(DELHI, DELHI) इजराइल की ऐतिहासिक यात्रा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जर्मनी के हैम्बर्ग पहुंच गए हैं। यहां वे जी-20 शिखर सम्मेलन के मौके पर ब्रिटेन, जापान तथा कनाडा के प्रधानमंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह जानकारी चीन द्वारा राष्ट्रपति शी जिनपिंग तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक से इनकार करने के बाद दी गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने एक सवाल के जवाब में कहा, “प्रधानमंत्री जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए छह से आठ जुलाई तक हैम्बर्ग के दौरे पर रहेंगे।

बागले ने कहा, जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर अर्जेटीना, कनाडा, इटली, जापान, मेक्सिको, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन तथा वियतनाम के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय बैठकें होंगी। इससे पहले, चीन के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर राष्ट्रपति शी जिनपिंग तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बैठक की संभावना न के बराबर है, क्योंकि सीमा पर दोनों देशों के सैनिकों के बीच गतिरोध के कारण यह ‘माहौल उपयुक्त नहीं’है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल की अपनी ऐतिहासिक तीन दिवसीय यात्रा में यहां के शीर्ष नेतृत्व के साथ आतंकवाद और आर्थिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'मैं इजरायल की जनता और सरकार की मेहमाननबाजी के लिए उनका शुक्रगुजार हूं। यह सफल यात्रा भारत-इजरायल संबंधों को और अधिक ऊर्जा प्रदान करेगी।' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने ट्वीट किया, 'एक ऐतिहासिक यात्रा समाप्त हुई, जिसमें कई चीजें पहली बार हुईं और भविष्य को लेकर वादे हुए। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर प्रधानमंत्री (मोदी) को विदाई दी।' उन्होंने एक और ट्वीट में कहा, यात्रा समाप्त, यात्रा शुरू। आगे अवसरों का सागर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अभूतपूर्व यात्रा पूरी हुई।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।