आतंक के खिलाफ: जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने मार गिराये हिजबुल के तीन आतंकी
(JAMMUandKASHMIR, JAMMUandKASHMIR) जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए। वे सभी हिजबुल मुजाहिद्दीन के बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन आतंकियों के नाम दाउद और जावेद बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के रेडोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ मंगलवार रात से ही चल रही थी। यहां पर सुरक्षा बलों को 2 से 3 आतंकियों के छुपे होने की खबर मिली थी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान में जुट गए। पुलिस ने आस पास के घरों को खाली करा लिया था।

एनकाउंटर की यह घटना जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों की बस पर किए गए हमले के एक दिन बाद सामने आई है। सोमवार (10 जुलाई) को अमरनाथ यात्रा के दौरान हुए आतंकी हमले में सात लोगों को मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। मारे गए ज्यादा लोग गुजरात के थे। यह हमला अनंतनाग जिले के श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर रात को 8 बजकर 10 मिनट के करीब हुआ था।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।