त्राल में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को किया ढेर अब तक 105 की मौत
(DELHI, DELHI) जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां त्राल में चल रहे मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों के जवानों ने 3 आतंकियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ आज सुबह से ही सतोरा इलाके में चल रहा था। इससे कुछ दिन पहले भी सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया था। एक आंकड़े के मुताबिक सेना और सुरक्षाबलों के जवानों ने सिर्फ इस साल अब तक 105 आतंकियों को मार गिराया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों के शव अभी बरामद नहीं हुए हैं और गोलीबारी अभी जारी है। उन्होंने बताया कि यहां से 36 किलोमीटर दूर त्राल के सतोरा वन क्षेत्र में कुछ आतंकवादियों के होने की सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने वहां एक तलाशी अभियान शुरू किया जिसके बाद आतंकवादियों के गोलीबारी करने के कारण मुठभेड़ शुरू हो गई।
अब तक 104 आतंकी ढेर
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने लश्कर ए तैयबा, जैश ए मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़े कई अन्य आतंकवादियों सूची तैयार की है। मारे गए आतंकवादियों में लश्कर ए तैयबा का कमांडर बशीर लश्करी, अबु दुजाना और हिज्बुल मुजाहिदीन का आतंकी सब्जार अहमद भट भी शामिल है। लश्करी दक्षिण कश्मीर में छह पुलिसकर्मियों की हत्या में संलिप्त था। आज मारे गए आतंकियों के बाद कुल मारे गए आतंकियों की संख्या 102 से 105 हो गई है।
अधिकारी ने बताया कि 12 जुलाई तक 102 आतंकियों के मारे जाने के साथ पिछले सात साल में यह सबसे ज्यादा संख्या थी। इससे पहले 2010 में जनवरी और जुलाई के बीच सबसे ज्यादा 156 आतंकी मारे गए थे। पिछले साल इस अवधि में 77 आतंकी मारे गए थे। इनमें सबसे ज्यादा मुठभेड़ दक्षिण कश्मीर के पुलवामा, शोपियां और अनंतनाग जिले में हुईं। जबकि बाकी बांदीपोरा और कुपवाड़ा में हुईं। सेना ने जून में 12 शीर्ष आतंकियों की हिटलिस्ट जारी की थी और उनके खात्मे के लिए अभियान शुरू किया है।
अमरनाथ यात्रियों पर हमला: पुलवामा के पीडीपी विधायक का ड्राइवर हिरासत में

अबु इस्माइल की तलाश तेज
अधिकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल अमरनाथ यात्रा पर हुए हमले के जिम्मेदार आतंकियों की तलाश में तेजी से जुटे हैं। इनमें लश्कर कमांडर अबु इस्माइल सबसे बड़ा लक्ष्य है। इस्माइल दक्षिण कश्मीर के जिलों में अपने साथियों के साथ कहीं छिपा है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।