महिला वर्ल्ड कप LIVE INDvNZ: भारत को लगा दूसरा झटका, मंधाना 13 रन बनाकर आउट
(DELHI, DELHI) आईसीसी महिला विश्व कप के शुरुआत में लगातार चार मैच जीते के बाद लड़खड़ा गई भारतीय महिला टीम आज ‘करो या मरो’ मुकाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ रही है। काउंटी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारत की तरफ से पूनम राउत और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की। लेकिन फिर पूनम 11 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हो गईं। खबर लिखे जाने तक 13 ओवर में 2 विकेट गंवाए 42 रन बना लिए हैं। मिताली (23) और हरमनप्रीत (2) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
भारतीय टीम को पिछले दो मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका और गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम मुकाबले में भी भारतीय टीम के लिए चुनौती कम नहीं रहने वाली। पूर्व चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का विश्व कप में रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए 11 मुकाबले में भारतीय टीम ने अभी तक सिर्फ एक मैच जीता है।
न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए भारतीय गेंदबाजों को बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा। पिछले दो मैचों में भारतीय गेंदबाज विपक्षी टीम के विकेट चटकाने में विफल रही हैं और रनगति पर भी अंकुश नहीं लगा सकीं। अनुभवी पेसर झूलन गोस्वामी का प्रदर्शन अभी तक टूर्नामेंट में औसत रहा है। उन्होंने छह मैचों में 48.50 के औसत से चार विकेट ही चटकाए हैं। स्पिनर एकता बिष्ट, पूनम राउत, दीप्ति और हरमनप्रीत को गेंदबाजी में और निखार लाना होगा।
टीमें इस प्रकार हैं-
न्यूजीलैंड - सूजी बेट्स (कप्तान), सोफी डिवाइन, केटी पर्किंस, ली ताहुहु, रैचेल प्रीस्ट (विकेटकीपर), एमी सैटरथवेट, होली हडलेस्टन, केटी मार्टिन, ले कास्प्रेक, एरिन बर्मिंगहम, अमेलिया केर
भारत - पूनम राउत, स्मृति मंधाना, मिताली राज(कप्तान), हरमनप्रीत कौर, दीप्ति शर्मा, वेदा कृष्णमूर्ति, सुषमा वर्मा(विकेटकीपर), शिखा पांडे, झूलन गोस्वामी, राजेश्वरी गायकवाड़,पूनम यादव

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।