कल से पढ़ाने जाएंगे शिक्षा मित्र
(UTTARPRADESH, India) सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से विरोध कर रहे शिक्षा मित्रों के लिए राहत भरी खबर है। सीएम योगी आदित्यनाथ के आश्वासन के बाद शिक्षामित्रों का आंदोलन मंगलवार को खत्म हो गया है। शिक्षामित्रों ने लखनऊ में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि एक हफ्ते में उनकी समस्याओं का समाधान होगा और बुधवार से शिक्षामित्र पढ़ाने जाएंगे। बैठक के बाद कहा जा रहा है कि कई मुद्दों पर शिक्षामित्र सहमत हो गए हैं। यह भी कहा जा रहा है कि शिक्षामित्रों का मानदेय भी बढ़ाया जा सकता है।
शिक्षा मित्रों के साथ अपर मुख्य सचिव राजप्रताप सिंह की बातचीत भी विफल होने के बाद शिक्षामित्रों ने आज मुख्यमंत्री से दोबारा मुलाकात की। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से पूरे यूपी में शिक्षा मित्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इससे पहले शिक्षामित्रों की सोमवार को अपर मुख्य सचिव राजप्रताप सिंह की अध्यक्षता में गठित कमेटी के साथ हुई मीटिंग बेनतीजा रही थी। विभाग ने शिक्षा मित्रों को प्रस्ताव दिया था कि जब तक टीईटी उत्तीर्ण कर नियुक्ति नहीं होती शिक्षा मित्र 10 हजार रुपये के मानदेय पर काम करे जिसे शिक्षामित्रों ने मानने से मना कर दिया था। वार्ता के बाद शिक्षामित्रों ने आन्दोलन तेज करने की घोषणा की थी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।