भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए शनिवार 5 अगस्त को वोटिंग हो रही है। वोटिंग सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक होगी। सत्तारूढ़ राजग के उम्मीदवार एम वेंकैया नायडू और विपक्ष के उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी के बीच टक्कर होगी। आज शाम को ही वोटिंग के नतीजे भी जारी कर दिए जाएंगे और भारत के अगले उपराष्ट्रपति का नाम भी साफ हो जाएगा। लोकसभा में बहुमत वाले राजग की ओर से उम्मीदवार बनाए गये पूर्व केन्द्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू का देश का अगला उपराष्ट्रपति चुने जाने का रास्ता लगभग साफ है। विपक्ष ने गोपाल कृष्ण गांधी को अपना संयुक्त उम्मीदवार बनाया है मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। वह लगातार दो बार इस पद पर रह चुके हैं। राज्यसभा के पदेन सभापति एवं देश के उपराष्ट्रपति के चुनाव में मतदान का अधिकार संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित तथा नामित सदस्यों को होता है।दोनों सदनों में सदस्यों की कुल संख्या 790 है, लेकिन वर्तमान में लोकसभा में दो और राज्यसभा में एक सीट रिक्त है। वहीं, लोकसभा सदस्य छेदी पासवान न्यायिक फैसले के कारण मतदान के लिए अयोग्य करार दिये गये हैं। लोकसभा के कुल 545 सदस्यों में भाजपा के 281 सांसद हैं, जबकि भाजपा नीत राजग के कुल 338 सदस्य हैं। वहीं, 243 सदस्यीय राज्यसभा में भाजपा के कुल 56 सदस्य हैं जबकि सदन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस के पास 59 सदस्य हैं।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।