सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मामले पर सुनवाई आज से
(India)
लंबे इंतजार के बाद राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद मामले पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट की विशेष बेंच सुनवाई शुरू करने जा रही है। छह सालों से लंबित इस मामले की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने तीन न्यायाधीशों-जस्टिस दीपक मिश्रा, अशोक भूषण और अब्दुल नजीर की विशेष बेंच का गठन किया है जो इस मामले पर नियमित सुनवाई करेगी। हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि शुक्रवार से मामले की नियमित सुनवाई होगी या फिर नियमित सुनवाई की रूपरेखा तय की जाएगी। इससे पहले शिया वक्फ बोर्ड की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पेश किए गए हलफनामे को अहम माना जा रहा है। हाईकोर्ट ने दो-एक के बहुमत से फैसला सुनाते हुए राम जन्मभूमि को तीन बराबर हिस्सों में रामलला विराजमान, निर्मोही अखाड़ा और सुन्नी बोर्ड के बीच बांटने का आदेश दिया था। हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के जजों ने कहा था कि जो इलाका तीन गुंबदों के ढांचे से ढका था, इसमें बीच के गुंबद का हिस्सा हिंदुओं का है। फिलहाल रामलला की मूर्ति वहीं है। निर्मोही अखाड़े को पास की दूसरी जमीन का हिस्सा दिया जाएगा। राम चबूतरा और सीता रसोई इसके हिस्से में शामिल होंगे। विवादित स्थल का बाकी एक तिहाई हिस्सा सुन्नी वक्फ बोर्ड को दिया जाएगा। 30 सितबंर 2010 को सुनाई गए हाई कोर्ट के इस फैसले से कोई भी पक्ष खुश नहीं था, ऐसे में मामले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई और 9 मई 2011 को कोर्ट ने इस संबंध में दायर की गईं याचिकाओं को सुनवाई के लिए स्वीकार किया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।