हिमाचल प्रदेश के मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण भूस्खलन
(HIMACHALPRADESH, India) हिमाचल प्रदेश में मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में हिमाचल रोडवेज की दो बसों के आने से कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि दोनों बसों में 50 से अधिक लोग सवार थे। बादल फटने से यह भीषण भूस्खलन हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 46 शव बरामद किए गए हैं और इनमें से 23 की पहचान कर ली गई है।
रविवार शाम को राहत एवं बचाव अभियान रोक दिया गया क्योंकि और भूस्खलन होने की आशंका थी। बचाव अभियान सोमवार सुबह फिर शुरू होगा। रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि सेना की दो टुकड़ि़यों को बचाव कार्य में लगाया गया है। एनडीआरफ, सेना और पुलिस के दल मौके पर पहुंच गए हैं और वहां जेसीबी मशीन भी तैनात की गईं हैं। राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि सभी शव बरामद किए जाने तक बचाव अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि मनाली-कटरा बस में आठ लोग यात्रा कर रहे थे, जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोगों को बचा लिया गया और उनको मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी। उन्होंने पीडि़त परिवारों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। एक अधिकारी ने कहा कि दूसरी बस में 47 यात्री थे और यह बस मनाली से चम्बा जा रही थी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।