लद्दाख में चीनी सेना की घुसपेैठ
(India) भारतीय सुरक्षा बलों ने लद्दाख में पानगोंग झील के किनारे भारतीय क्षेत्र में घुसने की चीनी सैनिकों की कोशिश को नाकाम कर दिया, जिसके बाद पथराव हुआ और उसमें दोनों तरफ के सैनिकों को मामूली चोटें आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों ने सुबह छह बजे से नौ बजे के बीच दो इलाकों-फिंगर फोर और फिंगर फाइव में भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय जवानों ने उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया।

जब चीनी सैनिकों ने पाया कि उनके सामने भारतीय सैनिक मानव श्रृंखला बनाकर खड़े हैं तो उन्होंने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिसके बाद भारतीय जवानों ने तत्काल जवाब देते हुए पथराव किया। इस घटना में दोनों तरफ के लोगों को मामूली चोटें आईं और रस्मी 'बैनर ड्रिल' के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। बैनर ड्रिल के तहत दोनों पक्ष अपने स्थान पर जाने से पहले बैनर दिखाते हैं। नई दिल्ली में सेना के एक प्रवक्ता ने इस घटना पर टिप्पणी करने से इनकार किया। यह घटना डोकलाम में दोनों देशों के बीच जारी गतिरोध के बीच हुई है।

चीनी सैनिक फिंगर फोर इलाके में घुसने में कामयाब हो गए थे, जहां से उनको वापस भेजा गया। यह इलाका दोनों देशों के बीच गतिरोध का केंद्र रहा है, क्योंकि दोनों इसे अपने क्षेत्र का हिस्सा बताते हैं।अधिकारियों ने कहा कि भारतीय पक्ष ने 1990 के दशक के आखिर में हुई बातचीत के दौरान जब इस इलाके पर दावा किया था तब चीनी सेना ने मेटल-टॉप रोड का निमार्ण किया था और इस बात पर जोर दिया था कि यह अक्साई चीन का हिस्सा है।

चीन ने फिंगर फोर तक सड़क का निमार्ण कराया था जो सिरी जाप इलाके में आता है और वास्तविक नियंत्रण रेखा से पांच किलोमीटर की दूरी पर है। इससे पहले चीनी सैनिकों की गश्त इस झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारों से बार बार होने लगी थी। इस झील का 45 किलोमीटर का हिस्सा भारतीय क्षेत्र में है और 90 किलोमीटर चीनी क्षेत्र में है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।