(India)
देश के तीन राज्यों की चार विधानसभा सीटों के लिए आज उपचुनाव कराए जा रहे हैं। दिल्ली में बवाना, गोवा में पणजी और वालपेई के साथ आंध्र प्रदेश की नंदयाल सीट पर विधायक चुनने के लिए वोटिंग चल रही है। चुनाव के नतीजों का किसी सियासी समीकरण पर कोई सीधा असर नहीं होगा, लेकिन जीत-हार बड़ा संदेश देने का काम करेगी। खासकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। गोवा में खुद सीएम मनोहर पर्रिकर चुनावी मैदान में हैं तो आंध्र की एक सीट पर उपचुनाव मुख्यमंत्री चंद्रबाबू के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले यहां से AAP के विधायक वेद प्रकाश इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसी वजह से इस सीट पर उपचुनाव की नौबत आई है। उपचुनाव में बीजेपी की ओर से वेद प्रकाश, कांग्रेस की ओर से सुरेंद्र कुमार और AAP के ओर से रामचन्द्र चुनाव मैदान में है। कुल 8 उम्मीदवार यहां से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां करीब दो लाख 94 हजार मतदाता हैं। दिल्ली विधानसभा में AAP के पास हालांकि पूर्ण बहुमत है, लेकिन नगर निगम चुनाव, राजौरी गार्डन विधानसभा सीट के उपचुनाव और पंजाब-गोवा में उम्मीद के मुताबिक नतीजे न आने से निराशा का सामना कर रही पार्टी इस सीट पर हर हाल में जीत दर्ज करके कार्यकर्ताओं में जोश भरना चाहती है। उधर 70 सदस्यीय विधानसभा में केवल 4 विधायकों वाली बीजेपी को उम्मीद है कि पिछले काफी समय से चल रहा उसका विजयी अभियान बवाना सीट पर भी कायम रहेगा। पिछले विधान चुनाव में पूरी तरह साफ हो चुकी कांग्रेस के लिए यह उपचुनाव अहम का सवाल बना हुआ है। इस सीट को जीतकर वह भी असेंबली में प्रवेश का द्वार खोलना चाहती है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।