उत्तर कोरिया ने जापान के ऊपर से दागा मिसाइल
(India)
अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद उत्तर कोरिया ने एक बार फिर जापान के ऊपर से प्रशांत महासागर में बलिस्टिक मिसाइल दागा है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा लगाए गए ताजा व्यापारिक प्रतिबंधों के जवाब में प्योंगयांग ने यह कार्रवाई की है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इसी हफ्ते नॉर्थ कोरिया के बढ़ते मिसाइल प्रोग्राम और ऐटमिक हथियारों की वजह से बढ़ते तनाव के मद्देनजर अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध लगाए थे। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि तोक्यो कभी भी उत्तरी कोरिया के ऐसे खतरनाक और उकसाऊ गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा, जिससे वैश्विक शांति को खतरा हो। भारत दौरे से लौटे आबे ने कहा कि अगर नॉर्थ कोरिया इसी रास्ते पर चलता रहा तो उसका भविष्य उज्जवल नहीं है। आबे ने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक के आह्वान करने के साथ ही कहा है कि अब दुनिया के एक होने का समय आ गया है। सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को ही आपात बैठक बुलाई है। यूएस पसिफिक कमांड ने पुष्टि कर दी है कि नॉर्थ कोरिया ने एक मध्यमवर्ती गति का बलिस्टिक मिसाइल (प्त्ठड) प्रशांत महासागर में छोड़ा है। हालांकि, यह अमेरिका के सैन्य अड्डा माने जाने वाले गुआम या उत्तरी अमेरिका के लिए खतरा पैदा नहीं करता। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, मिसाइल ने 3 हजार 700 किलोमीटर की दूरी तय की और 770 किलोमीटर की अधिकतम ऊंचाई तक पहुंचा और फिर प्रशांत महासागर में गिर गया।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।