हनीप्रीत के खिलाफ हिंसा उकसाने के मामले में एफआईआर दर्ज, नेपाल में होने के नहीं मिले सबूत ..
(DELHI, DELHI) जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की दत्तक पुत्री हनीप्रीत इंसां के खिलाफ भीड़ को कथित रूप से हिंसा के लिए उकसाने के मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है। हरियाणा पुलिस ने मंगलवार को ये जानकारी दी है। हनीप्रीत के खिलाफ पंचकूला के सेक्टर पांच थाने में मामला दर्ज किया गया। वहीं हनीप्रीत के नेपाल में होने की खबरों पर पुलिस का कहना है कि उन्हें इसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है।

पुलिस ने कहा कि उनका नाम 25 अगस्त को पंचकूला में हुई हिंसा के संबंध में प्राथमिकी संख्या 345 में आरोपी के रूप में शामिल किया गया है। पंचकूला के पुलिस आयुक्त ए एस चावला ने कहा, वह अब इस मामले में आरोपी हैं। पुलिस ने कहा कि उनका नाम उसी प्राथमिकी में शामिल किया गया है जिसमें डेरा के अन्य पदाधिकारियों आदित्य इंसां और सुरिंदर धीमान सहित अन्य के खिलाफ कथित रूप से हिंसा भड़काने और आगजनी का आरोप लगा है।

हरियाणा के डीजीपी बी एस संधू ने मंगलवार को कहा, हनीप्रीत पकड़ने के हमारे प्रयास जारी हैं। हनीप्रीत के नेपाल में होने संबंधी खबरों पर डीजीपी ने कहा कि इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं है। डीजीपी ने कहा, हमें जो मिल रही हैं उनमें से हर सूचना की सत्यता का पता लगा रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर कई टीमों को भेजा गया है और हरियाणा पुलिस हनीप्रीत की तलाश में अन्य राज्य की पुलिस के संपर्क में भी है।

हनीप्रीत के बारे में ठोस जानकारी जुटाने के लिए हरियाणा पुलिस दिलावर इंसां और प्रदीप गोयल सहित डेरा के गिरफ्तार पदाधिकारियों से भी पूछताछ कर रही है। डेरा के प्रमुख सदस्य दिलावर इंसां को सोनीपत जबकि प्रदीप को हरियाणा पुलिस द्वारा राजस्थान के उदयपुर से पकड़ा गया था। सोमवार को हरियाणा पुलिस के विशेष जांच दल ने डेरा प्रवक्ता विपासना इंसां से हनीप्रीत के बारे में सिरसा में पूछताछ की थी। पुलिस हनीप्रीत और आदित्य इंसां के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर चुकी है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।