डोनाल्ड ट्रंप की धमकी का उत्तर कोरिया ने उड़ाया मजाक
(International)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी को उत्तर कोरिया ने कुत्ते का भौंकना करार दिया है। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश अमेरिकी गीदड़ भभकियों से डरने वाला नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में अपने पहले संबोधन में उत्तर कोरिया को चेतावनी दी थी कि अगर उत्तर कोरिया ने अमेरिका या उसके सहयोगियों पर हमला किया तो वे उत्तर कोरिया का नामोनिशान मिटा देंगे। अमेरिका ने ये धमकी तब दी है जब दोनों देशों के बीच कई महीनों से तनाव चरम पर है। उत्तर कोरिया अमेरिका के तमाम प्रतिबंधों को नजरअंदाज करते हुए अपना परमाणु मिसाइल कार्यक्रम जारी रखे हुए है और लगातार मिसाइल परीक्षण कर रहा है। 15 सितंबर को भी उत्तर कोरिया ने जापान की सीमा में मिसाइल परीक्षण किया था। संयुक्त राष्ट्र की बैठक में शिरकत करने पहुंचे उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री री योंग हो से जब पत्रकारों ने सवालों की बौछार कर दी तो उन्होंने एक कहावत से ट्रंप को जवाब दिया। री योंग हो ने कहा, ‘एक कहावत है कि कुत्ते भौंकते रहते हैं मार्च चलता रहता है।’ इसके बाद विदेश मंत्री री योंग अपने होटल के कमरे में चले गये। लेकिन जाते जाते उन्होंने एक और बात कही, ‘यदि वे लोग अपने कुत्ते के भौंकने की आवाज से हमें डराना चाह रहे हैं तो निश्चित रूप से वे लोग कुत्तों का सपना देख रहे हैं।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।